Bilaspur Accident: बिलासपुर-कोरबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में रायपुर के युवाओं से भरी एक कार ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह कार चालक को झपकी आना बताई जा रही है। घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, रायपुर के रमाकुंड, समता कॉलोनी और मंगल बाजार क्षेत्र के युवक-युवतियां बुकिंग वाहन से महामाया मंदिर रतनपुर और चैतुरगढ़ दर्शन के लिए निकले थे। रतनपुर में दर्शन करने के बाद सभी चैतुरगढ़ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बेलपारा के पास टोल प्लाजा के निकट तेज रफ्तार इको कार अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ट्रेलर के पिछले हिस्से से जा भिड़ी।
ट्रेलर की ट्रॉली से फंसी कार
हादसे के बाद कार ट्रेलर की ट्रॉली और पिछले पहियों के बीच फंस गई। ट्रेलर चालक को टक्कर का एहसास नहीं हुआ और वह वाहन को करीब आधा किलोमीटर तक आगे ले जाता रहा। पीछे से आ रहे अन्य वाहन चालकों ने ट्रेलर चालक को कार फंसे होने की सूचना दी, जिसके बाद उसने वाहन रोका।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। सभी घायलों को पहले रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया।
युवती की मौत, 6 घायल
हादसे में रायपुर के बंधवा तालाब, बांस टाल क्षेत्र निवासी काजल साहू (23) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भूपेंद्र यादव, अनीश यादव, गरिमा कश्यप, प्रेक्षा यादव, मानस यादव और सिया यादव घायल हुए हैं। सभी का अस्पताल में उपचार जारी है।
चालक को झपकी आने से कार अनियंत्रित
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन चालक अर्थ साहू बुकिंग लेकर श्रद्धालुओं को दर्शन कराने निकला था। रास्ते में उसे झपकी आने से कार अनियंत्रित हो गई और ट्रेलर से टकरा गई। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
CCTV में कैद हुई घटना
हादसे का CCTV वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में ट्रेलर के पीछे कार फंसी हुई दिखाई दे रही है, जिसे ट्रेलर काफी दूर तक घसीटता नजर आ रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीछे चल रहे वाहन चालकों ने ट्रेलर चालक को सूचना देकर वाहन रुकवाया।




