CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अब बढ़ेगी ठंड, बादल हटते ही 2 से 4 डिग्री तक लुढ़क सकता है पारा

CG Weather Update:

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अकवान के असर से हुई बारिश के बाद अब मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद प्रदेश के कई हिस्सों में रात का तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके साथ ही सुबह के समय हल्की धुंध और ठंड का असर बढ़ने के आसार हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पिछले एक महीने में लगातार तीन चक्रवाती सिस्टम सक्रिय रहने के कारण ठंड का सामान्य क्रम प्रभावित हुआ। समुद्र से आने वाली नमी के चलते बादल और बारिश बनी रही, जिससे रात का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। अब उत्तर-पूर्वी हवाओं का प्रभाव बढ़ने और आसमान साफ होने से रात में ठंड बढ़ेगी।

एक-दो स्थानों पर बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश और आसपास बने कम दबाव के क्षेत्र से जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है, जिसके प्रभाव से कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।

जगदलपुर में सबसे अधिक तापमान

रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान भी 15.9 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड किया गया।

रायपुर में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक रहा। माना एयरपोर्ट में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इन इलाकों में हुई बारिश

प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। दलदली और पत्थलगांव में 3-3 सेंटीमीटर वर्षा हुई। इसके अलावा बागबहरा, वाड्रफनगर, भैयाथान, जशपुरनगर और रामानुजगंज में 1-1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *