Raigarh News: 50 लाख रुपए के गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, कार से कर रहा था तस्करी

Raigarh News

Raigarh News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 लाख रुपए मूल्य के गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पूरा मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को गांजा तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम घरघोड़ा-लैलूंगा मुख्य मार्ग पर घेराबंदी के दौरान रायगढ़ पुलिस की टीम ने एक हुंडई कार से गांजा की तस्करी कर रहे युवक को पकड़ा। आरोपी की पहचान संतोष दास पिता बुधराम दास (26 वर्ष), निवासी ग्राम चीताबहार, थाना दरिमा, जिला सरगुजा के रूप में हुई है।

कार की तलाशी में पुलिस को एक-एक किलो के 250 पैकेट गांजा (कुल वजन 257.5 किलोग्राम) बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 50 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी से तस्करी में प्रयुक्त कार (कीमत करीब 8 लाख रुपए) और एक वीवो मोबाइल फोन (कीमत लगभग 10 हजार रुपए) भी जब्त किया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक कार में भारी मात्रा में गांजा रायगढ़ की ओर लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही साइबर सेल, घरघोड़ा थाना और पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम ने सतर्कता बरतते हुए मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी लेने पर गांजा बरामद किया गया।

Raigarh News

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी संतोष दास को गिरफ्तार कर धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *