Balrampur Jewellery Shop Theft: बलरामपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात एक बड़ी चोरी की वारदात हुई है। शहर के प्रसिद्ध धनंजय ज्वेलर्स (Dhananjay Jewellers Shop Theft) की दुकान में अज्ञात चोरों ने शटर तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। यह घटना दहेजवार हिंदू चौक की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, चोरी की वारदात रात 1 से 3 बजे के बीच की है। चोरों ने गैस कटर या लोहे के औजार से दुकान का मुख्य शटर तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। इसके बाद तिजोरी और गहनों के काउंटर को खंगालकर बड़ी मात्रा में सोना-चांदी लेकर फरार हो गए।
सुबह जब दुकान मालिक पहुंचे, तो उन्होंने शटर टूटा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने दुकान से फिंगरप्रिंट, पदचिन्ह और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी जब्त किए गए हैं ताकि चोरों की पहचान की जा सके।

स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने बताया कि बीते कुछ दिनों से शहर में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है।
एएसपी विश्वदीपक त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और एक्सपर्ट की मदद ली जा रही है। दुकान संचालक से पूछताछ जारी है ताकि चोरी गए माल की सटीक जानकारी मिल सके। वहीं थाना प्रभारी ने कहा कि चोरों ने वारदात को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया है, उन्हें दुकान और इलाके की पूरी जानकारी थी।
