Raipur Air Show: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर का आसमान भारतीय वायु सेना के अद्भुत साहस, अनुशासन और उड़ान कौशल का गवाह बना। सेंध लेक में आयोजित हवाई प्रदर्शन में वायु सेना की प्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम, आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम और गरुड़ कमांडोज ने अपने रोमांचकारी करतबों से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सारंग टीम के फुल ड्रेस रिहर्सल में शामिल होकर वायु सेना के जवानों के प्रदर्शन को देखा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल हवाई करतबों का प्रदर्शन नहीं, बल्कि भारतीय वायु सेना की क्षमता, कठिन प्रशिक्षण, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना का परिचय है।
उन्होंने कहा कि सारंग टीम के पायलटों ने जिस साहस, आत्मविश्वास और बेहतरीन तालमेल के साथ प्रदर्शन किया, वह युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ विकास और प्रगति की नई ऊंचाइयों की ओर आगे बढ़ रहा है।
आकाशगंगा टीम ने दिखाया साहस
हवाई प्रदर्शन की शुरुआत भारतीय वायु सेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम ने की। टीम के जवानों ने हजारों फीट की ऊंचाई से छलांग लगाकर पैराशूट के जरिए सेंध लेक के सामने निर्धारित स्थान पर सुरक्षित लैंडिंग की।
जवानों ने हवा में संतुलन, नियंत्रण और साहस का शानदार प्रदर्शन किया। उनके इस प्रदर्शन ने दर्शकों में रोमांच भर दिया और पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
गरुड़ कमांडोज ने दिखाया विशेष ऑपरेशन का कौशल
इसके बाद गरुड़ कमांडोज ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग का प्रदर्शन किया। जवानों ने रस्सियों के सहारे हेलीकॉप्टर से नीचे उतरकर रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन की झलक दिखाई। कठिन परिस्थितियों में मिशन पूरा करने की उनकी क्षमता और अनुशासन देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे।
सारंग टीम के पांच हेलीकॉप्टरों ने बनाए आकर्षक फॉर्मेशन
हवाई शो का सबसे बड़ा आकर्षण सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम रही। पांच हेलीकॉप्टरों ने आसमान में अलग-अलग फॉर्मेशन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने डायमंड, हार्ट सहित कई आकर्षक आकृतियां बनाईं। हेलीकॉप्टरों के बीच सटीक तालमेल, बेहद नजदीकी उड़ान और क्रॉसओवर जैसे करतबों ने दर्शकों की सांसें रोक दीं।
ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में सारंग टीम ने अपनी उड़ान क्षमता और तकनीकी दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान हेलीकॉप्टरों के कॉकपिट से “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” का उद्घोष भी किया गया, जिससे दर्शकों में उत्साह और बढ़ गया।
तिरंगे की फॉर्मेशन ने बढ़ाया देशभक्ति का उत्साह
प्रदर्शन के अंतिम चरण में सारंग टीम ने ‘वंदे मातरम्’ की गूंज के बीच आसमान में तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन बनाई। हेलीकॉप्टरों से बनी यह आकृति देखकर दर्शक देशभक्ति की भावना से भर उठे।
सारंग टीम ने दुनिया में बढ़ाया भारत का गौरव
भारतीय वायु सेना की सारंग टीम विश्व की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम है। यह टीम जर्मनी, ब्रिटेन, मॉरिशस, रूस और मिस्र सहित कई देशों में अपने प्रदर्शन से भारत की प्रतिष्ठा बढ़ा चुकी है। नवा रायपुर में सारंग टीम का यह प्रदर्शन छत्तीसगढ़वासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना है।





