Raipur News: कवर्धा जिले से बेटे की हादसे में मौत के बाद मुआवजा राशि लेने रायपुर आई महिला के पर्स से 1.60 लाख रुपए चोरी हो गए। महिला ने रायपुर न्यायालय परिसर स्थित पंजाब नेशनल बैंक से रकम निकाली थी। इसके बाद पति के साथ ई-रिक्शा और ऑटो से सफर के दौरान उसके पर्स से नकदी गायब हो गई।
भनपुरी चौक पहुंचने के बाद महिला ने पर्स चेक किया तो उसमें रखे रुपए नहीं मिले। महिला की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बैंक से निकाली थी मुआवजा राशि
सिविल लाइन पुलिस के अनुसार कवर्धा जिले के ग्राम महाराजपुर निवासी ममता तिवारी स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं। उनके बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसी मामले में मिलने वाली मुआवजा राशि लेने के लिए वह 10 सितंबर को पति खेदन तिवारी के साथ रायपुर न्यायालय पहुंची थीं।
कोर्ट की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्होंने न्यायालय परिसर स्थित पंजाब नेशनल बैंक से 1.60 लाख रुपए नकद निकाले। इसके बाद वह पति के साथ घर लौटने के लिए रवाना हुईं।
2 ऑटो बदलकर पहुंची भनपुरी
रकम निकालने के बाद ममता अपने पति के साथ मल्टीलेवल पार्किंग के पास पहुंचीं। वहां से दोनों ई-रिक्शा में बैठकर फाफाडीह चौक गए। इसके बाद फाफाडीह से दूसरे ऑटो में बैठकर भनपुरी चौक पहुंचे।
भनपुरी पहुंचने के बाद जब ममता ने अपना पर्स देखा तो उसमें रखे 1.60 लाख रुपए गायब थे। उन्होंने इसकी जानकारी पति और अधिवक्ता निरंजन साहू को दी। महिला ने आशंका जताई कि सफर के दौरान किसी ने मौका देखकर पर्स से रकम निकाल ली।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की जांच में जुटी पुलिस न्यायालय परिसर स्थित बैंक से लेकर फाफाडीह और भनपुरी तक के रास्ते के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस दोनों ऑटो चालकों से भी पूछताछ करेगी।

