Raipur Air Show: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले राज्योत्सव 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेंध लेक में भारतीय वायु सेना के प्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर एयर शो का आयोजन किया जाएगा।
एयर शो की तैयारियों का जायजा लेने रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह अधिकारियों के साथ सेंध लेक पहुंचे। उन्होंने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। (Raipur Sarang Helicopter Air Show)
दर्शकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर जोर
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि एयर शो में बड़ी संख्या में दर्शकों और अतिथियों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और नागरिकों की सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाना जरूरी है। (रायपुर हेलीकॉप्टर एयर शो)
उन्होंने अधिकारियों को मुख्य मंच, वीआईपी बैठक व्यवस्था और आम दर्शकों के लिए बैठने की व्यवस्था बेहतर तरीके से करने के निर्देश दिए। साथ ही वाहनों की आवाजाही के लिए यातायात योजना तैयार करने, पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था और प्रवेश-निकास मार्गों को व्यवस्थित करने को कहा।
मेडिकल टीम और जरूरी सुविधाएं रहेंगी उपलब्ध
आयोजन स्थल पर आपात स्थिति से निपटने के लिए प्राथमिक उपचार किट, एंबुलेंस और मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा साउंड सिस्टम, बिजली व्यवस्था, पेयजल, मोबाइल शौचालय और परिवहन सुविधाओं को सुचारु रखने पर भी जोर दिया गया है।
कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए, ताकि एयर शो के दौरान आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।




