Raipur ED Raid: रायपुर में कारोबारी नितिन डागा के घर ED की रेड, बघेल्स कॉर्पोरेट के फाउंडर के यहां भी छापा  

Raipur ED Raid: छत्तीसगढ़ के रायपुर और दुर्ग समेत कई स्थानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार सुबह छापेमारी की कार्रवाई की। रायपुर के पंडरी स्थित रवि नगर में कारोबारी नितिन डागा के निवास पर ईडी की टीम पहुंची, जहां दस्तावेजों की जांच की जा रही है। वहीं दुर्ग में बघेल्स कॉर्पोरेट प्राइवेट लिमिटेड के फाउंडर गुलशन बघेल के घर भी ईडी ने दबिश दी है। फिलहाल दोनों जगहों पर जांच जारी है।

रायपुर में सुबह से चल रही जांच

जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम सुबह करीब 4 बजे दो वाहनों से रवि नगर स्थित सुशील विला पहुंची। अधिकारियों ने कारोबारी नितिन डागा के घर में प्रवेश कर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि नितिन डागा ज्वेलरी और जमीन के कारोबार से जुड़े हैं।

दुर्ग में भी ईडी की कार्रवाई

दुर्ग के ऋषभ कॉलोनी स्थित गुलशन बघेल के घर भी ईडी की टीम ने छापेमारी की। दो वाहनों में पहुंचे 10 से अधिक अधिकारी जांच में जुटे हैं। गुलशन बघेल बघेल्स कॉर्पोरेट प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक हैं। उनकी कंपनी भवन निर्माण, सड़क निर्माण, अर्थवर्क, मटेरियल हैंडलिंग और परिवहन सेवाओं के क्षेत्र में कार्य करती है।

भारतमाला परियोजना से जुड़ने की चर्चा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ईडी की यह कार्रवाई भारतमाला परियोजना से जुड़े मामले से संबंधित होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक ईडी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पहले भी विवादों में आ चुका है नाम

गुलशन बघेल का नाम करीब छह वर्ष पहले भी चर्चा में आया था। उस समय उन पर खुद को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का भतीजा बताकर सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देने और एक महिला से ठगी करने के आरोप में मामला दर्ज हुआ था।

आधिकारिक जानकारी का इंतजार

फिलहाल ईडी की कार्रवाई किस मामले में की जा रही है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने और एजेंसी की ओर से बयान जारी होने के बाद ही पूरे मामले की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *