Bhilai Murder: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई शहर में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नेहरू नगर चौक पर लिफ्ट मांगने को लेकर हुए विवाद में ढाबा संचालक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग लड़की समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।![]()
ढाबा संचालक की हत्या
मृतक की पहचान 26 वर्षीय शिव कुमार सिंह के रूप में हुई है। वह कैंप-1 के सुभाष चौक का रहने वाला था और राजनांदगांव जिले के चिचोला में मैत्री ढाबा संचालित करता था। घटना वाली रात वह अपने दोस्त के साथ चिचोला जाने के लिए निकला था।
लिफ्ट मांगने से शुरू हुआ विवाद
शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात करीब 1 बजे शिव कुमार नेहरू नगर चौक पहुंचा। पहले उसने एक ट्रक चालक से लिफ्ट लेने की कोशिश की, लेकिन ट्रक नहीं रुका। इसके बाद उसने वहां से गुजर रही स्कूटी को रोकने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर स्कूटी सवारों और शिव कुमार के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
जांघ में घोंपा चाकू
पुलिस के मुताबिक विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने शिव कुमार की जांघ पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से काफी खून बह गया। घायल शिव कुमार को पहले अस्पताल ले जाया गया, फिर हालत बिगड़ने पर शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
नाबालिग समेत 3 आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज करते हुए मुख्य आरोपी विशाल निषाद उर्फ छाया, रुपेंद्र निषाद और एक नाबालिग लड़की को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है।



