जागरूकता शिविर में , स्कूली बच्चों को कानूनी अधिकारों की जानकारी मिली

रायपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर द्वारा 29 अगस्त 2026 को विभिन्न संस्थानों का औचक निरीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्रवाई प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष बलराम प्रसाद वर्मा के मार्गदर्शन में की गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अविनाश कुमार दुबे ने सखी वन स्टॉप सेंटर, नारी निकेतन एवं बालिका गृह का औचक निरीक्षण किया। सखी वन स्टॉप सेंटर में एक पीड़िता ने अपनी समस्याएं सचिव के समक्ष रखीं। मामले में उन्होंने संबंधित थाना प्रभारी को आवेदन पर आवश्यक कार्रवाई करने तथा की गई कार्रवाई से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को अवगत कराने के निर्देश दिए।

लघु फिल्म के जरिए बच्चों को किया जागरूक

उच्चतर माध्यमिक शाला कचना में बच्चों के बौद्धिक विकास के लिए पहले विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं, जिनमें वाद-विवाद और पेंटिंग प्रतियोगिता शामिल रही। इसी क्रम में 29 अगस्त को ‘नाबालिग अंडर-18’ विषय पर लघु फिल्म दिखाकर विद्यार्थियों को बढ़ते अपराधों से दूर रहने और कानून के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी गई।

सचिव अविनाश कुमार दुबे ने बच्चों को नाबालिगों से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि नाबालिग की सहमति को कानून में वयस्कों के समान मान्यता नहीं मिलती। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने कानून से संबंधित विभिन्न सवाल पूछे, जिनका सचिव ने जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

इस अवसर पर शाला की प्रधान पाठक सीमा सच्चर, शिक्षकगण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरालीगल वालंटियर (न्याय-मित्र) सुप्रभात हलधर एवं लोमिन साहू तथा कर्मचारी अमित गार्डिया उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *