Rajim Kumbh Kalp 2026: राजिम मेला में कलाकारों को नहीं मिला भोजन-पानी, अव्यवस्थाओं पर भड़के विधायक

Rajim Kumbh Kalp 2026: छत्तीसगढ़ के प्रयाग कहे जाने वाले राजिम में आयोजित कुंभ कल्प मेले के दौरान अव्यवस्थाओं का मामला लगातार गंभीर होता नजर आ रहा है। मेले की अव्यवस्थाओं (Rajim Mela Mismanagement) को लेकर भाजपा विधायक रोहित साहू का गुस्सा कैमरे के सामने फूट पड़ा। उन्होंने गरियाबंद जिला प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अव्यवस्थाओं के कारण सरकार की किरकिरी हो रही है और मेले की गरिमा को ठेस पहुंच रही है। (राजिम मेला में कलाकारों को नहीं मिला भोजन-पानी)

विधायक रोहित साहू ने बताया कि मेले में जनप्रतिनिधि और कलाकार तक पीने के पानी और भोजन के लिए परेशान होते रहे। उन्होंने इस पूरे मामले को सरकार की छवि से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए जिला प्रशासन और इवेंट कंपनी को कड़ी चेतावनी दी। विधायक ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी अधिकारी, कर्मचारी या इवेंट कंपनी ने इस पवित्र आयोजन की छवि धूमिल करने का प्रयास किया, तो उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

दरअसल, एक दिन पहले ही पत्रकारों और आम नागरिकों ने इवेंट कंपनी पर मनमानी, अनावश्यक रोक-टोक और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए थे। इसकी शिकायत विधायक से की गई थी, जिस पर उन्होंने तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अगले ही दिन कलाकारों के साथ दुर्व्यवहार का एक और शर्मनाक मामला सामने आया।

मुख्यमंच पर प्रस्तुति देने पहुंचे कलाकारों को कार्यक्रम समाप्त होने के बाद करीब डेढ़ घंटे तक बैठाए रखा गया और उन्हें भोजन तक उपलब्ध नहीं कराया गया। जैसे ही इस घटना की जानकारी विधायक रोहित साहू को मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे और जिला प्रशासन व इवेंट कंपनी के अधिकारियों से जवाब तलब किया। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विधायक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त फटकार लगाई।

विधायक रोहित साहू ने कहा कि राजिम कुंभ कल्प मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और पूरे प्रदेश की पहचान से जुड़ा हुआ है। इसकी गरिमा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं, साधु-संतों और कलाकारों की सुविधाओं में लापरवाही को पूरी तरह अस्वीकार्य बताया। (राजिम मेला अव्यवस्था)

मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए विधायक ने सभी कलाकारों को स्वयं साथ लेकर एक निजी रेस्टोरेंट में भोजन कराया। उन्होंने कहा कि कलाकारों का सम्मान सर्वोपरि है और भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोहराई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

देखिए वीडियो –

https://www.instagram.com/reel/DUigAq8CGmA/?igsh=MTVldXZnZGI5NW0xbQ==

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *