CG News: सांभर में मिला कीड़ा; मचा हड़कंप, ग्राहकों ने छोड़ा नाश्ता

CG News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा स्थित मुरली होटल में सांभर में कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है। नाश्ता करने पहुंचे ग्राहकों की प्लेट में सांभर के अंदर कीड़ा तैरता मिला, जिसके बाद ग्राहकों ने खाना छोड़ दिया। घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

CG News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा स्थित मुरली होटल में सांभर में कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है। नाश्ता करने पहुंचे ग्राहकों की प्लेट में सांभर के अंदर कीड़ा तैरता मिला, जिसके बाद ग्राहकों ने खाना छोड़ दिया। घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

शिकायत मिलने के बाद खाद्य विभाग की टीम ने होटल पहुंचकर जांच की। टीम ने सांभर का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा है। साथ ही साफ-सफाई में कमी और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन नहीं होने पर होटल को अगले आदेश तक बंद रखने का नोटिस जारी किया गया है।

ग्राहकों ने छोड़ा नाश्ता

जानकारी के अनुसार, कटघोरा मेन रोड स्थित मुरली होटल में सुबह बड़ी संख्या में लोग नाश्ता करने पहुंचे थे। कई ग्राहक डोसा और सांभर खा रहे थे। इसी दौरान एक ग्राहक की प्लेट में सांभर में कीड़ा दिखाई दिया।

ग्राहक ने इसकी जानकारी आसपास बैठे लोगों को दी। इसके बाद अन्य ग्राहकों ने भी सांभर को देखा। घटना से नाराज कई ग्राहक अपना नाश्ता अधूरा छोड़कर होटल से बाहर निकल गए।

होटल स्टाफ ने भी मानी गलती

ग्राहकों ने जब होटल कर्मचारियों से इसकी शिकायत की तो उन्होंने भी सांभर में कीड़ा होने की बात स्वीकार की। इसके बाद कुछ ग्राहकों ने पूरे मामले का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।

होटल सील

वीडियो वायरल होने और शिकायत मिलने के बाद खाद्य विभाग की टीम कटघोरा पहुंची। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत के नेतृत्व में टीम ने होटल का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान होटल में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। अधिकारियों के अनुसार, होटल में खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के नियमों का पालन भी नहीं किया जा रहा था। इसके बाद सांभर का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया और होटल संचालक को अगले आदेश तक होटल बंद रखने का नोटिस दिया गया।

पहले भी सामने आ चुकी है ऐसी शिकायत

खाद्य विभाग की टीम ने शारदा स्वीट्स का भी निरीक्षण किया। इससे पहले एनटीपीसी क्षेत्र स्थित लक्ष्मी डेयरी के सांभर-वड़ा में भी कीड़ा मिलने की शिकायत सामने आई थी।

घटना के बाद लोगों में नाराजगी है। ग्राहकों का कहना है कि होटल और रेस्टोरेंट में खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। लोगों ने प्रशासन से जिले के सभी होटल और रेस्टोरेंट की जांच कर लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *