Chhath Puja 2026: रायपुर में 50 से अधिक घाटों पर मनाया जाएगा छठ महापर्व, महादेव घाट पहुंचेंगे CM साय

Chhath Puja 2026

Chhath Puja 2026: रायपुर में लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। चार दिवसीय पर्व के दौरान राजधानी के 50 से अधिक नदी और तालाब घाटों पर हजारों श्रद्धालु भगवान सूर्य की उपासना करेंगे। महादेव घाट, हीरापुर के छुईया तालाब, सड्डू तालाब, बिरगांव के व्यास तालाब समेत कई प्रमुख घाटों पर साफ-सफाई, सजावट, रोशनी, सुरक्षा और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की जा रही है।

महादेव घाट पर मुख्यमंत्री होंगे शामिल

महादेव घाट पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे। छठ महापर्व आयोजन समिति ने उन्हें आमंत्रित किया था, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है। 15 नवंबर की शाम यहां धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम और महाआरती का आयोजन किया जाएगा।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगा महादेव घाट

महादेव घाट पर शाम 4 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे। लखनऊ की लोक गायिका गायत्री यादव, लोक गायक मुकुल सिंह और मुंबई की इशरत जहां केडिया छठ गीतों की प्रस्तुति देंगी। छत्तीसगढ़ी कलाकार तिलक राजा साहू और केशरी साहू भी मंच पर अपनी प्रस्तुति देंगे। प्रयागराज की सोनाली तरुण चोपड़ा और उनकी टीम नृत्य नाटिका एवं धार्मिक झांकियां प्रस्तुत करेगी।

बिरगांव के व्यास तालाब में उमड़ेगी आस्था

बिरगांव के व्यास तालाब में भोजपुरी समाज एवं छठ पूजा समिति की ओर से विशेष आयोजन किया जाएगा। यहां संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य के लिए हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन समिति ने पूजा, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। धार्मिक कार्यक्रमों के साथ भोजपुरी लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां भी होंगी।

हीरापुर और सड्डू में भी होंगे भक्ति कार्यक्रम

हीरापुर के छुईया तालाब में उत्तर भारत समाज कल्याण सेवा समिति की ओर से आयोजन किया जाएगा, जहां पटना से आए कलाकार छठ गीत प्रस्तुत करेंगे। वहीं सड्डू तालाब में शाम 4 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें लल्लू महाराज सहित कई भोजपुरी कलाकार प्रस्तुति देंगे।

4 दिनों तक ऐसे होंगे अनुष्ठान

  • 13 नवंबर – नहाय-खाय के साथ महापर्व की शुरुआत।
  • 14 नवंबर – खरना पूजा के बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू।
  • 15 नवंबर – व्रती डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित करेंगे।
  • 16 नवंबर – उगते सूर्य को उषा अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण किया जाएगा।

 

Chhath Puja 2026

छठ पूजा में सूप, दउरा और ठेकुआ का महत्व

छठ महापर्व में बांस के सूप और दउरा का विशेष महत्व होता है। इन्हीं में फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ और अन्य प्रसाद सजाकर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया जाता है। गेहूं के आटे, गुड़ और घी से तैयार ठेकुआ इस पर्व का प्रमुख प्रसाद माना जाता है।

 

Chhath Puja 2026

छठ महापर्व में अस्ताचलगामी और उदयमान दोनों सूर्य की पूजा की जाती है। व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की मंगलकामना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं। पर्व के दौरान घाटों की सामूहिक सफाई, स्वच्छता और अनुशासन इसकी प्रमुख विशेषताएं मानी जाती हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *