Raipur Fraud: सावधान ! रायपुर में iPhone के लिए दोस्त को ठगा, खुद को सिविल जज बताकर सहेली से ऐठें 1.88 लाख

Raipur Fraud: रायपुर में एक युवती ने खुद को सुप्रीम कोर्ट की वकील और राजस्थान कैडर की चयनित सिविल जज बताकर अपनी ही बचपन की सहेली से 1.88 लाख रुपए की ठगी कर ली। आरोपी ने पीड़िता के भाई के पारिवारिक विवाद को सुलझाने का झांसा दिया और पुलिस अधिकारियों व बड़े वकीलों से पहचान होने का दावा करते हुए अलग-अलग बहानों से रकम ऐंठ ली। मामला सामने आने के बाद खमतराई थाना पुलिस ने आरोपी पूजा सिंह उर्फ मीठी सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Raipur Fraud: रायपुर में एक युवती ने खुद को सुप्रीम कोर्ट की वकील और राजस्थान कैडर की चयनित सिविल जज बताकर अपनी ही बचपन की सहेली से 1.88 लाख रुपए की ठगी कर ली। आरोपी ने पीड़िता के भाई के पारिवारिक विवाद को सुलझाने का झांसा दिया और पुलिस अधिकारियों व बड़े वकीलों से पहचान होने का दावा करते हुए अलग-अलग बहानों से रकम ऐंठ ली। मामला सामने आने के बाद खमतराई थाना पुलिस ने आरोपी पूजा सिंह उर्फ मीठी सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बचपन की दोस्ती का उठाया फायदा

खमतराई निवासी आरजू शर्मा, जो निजी शिक्षिका हैं, ने पुलिस को बताया कि पूजा सिंह उनकी बचपन की सहेली है। दोनों पहली से पांचवीं तक एक ही स्कूल में पढ़ी थीं और बाद में सोशल मीडिया के जरिए संपर्क में रहीं। वर्ष 2025 में पूजा ने इंस्टाग्राम पर वकील की पोशाक में तस्वीरें साझा कर खुद को सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता बताया, जिससे आरजू को उसकी बातों पर भरोसा हो गया।

भाई का विवाद सुलझाने का दिया भरोसा

आरजू के भाई के वैवाहिक विवाद के बाद परिवार पर मामला दर्ज होने की आशंका थी। इसी दौरान पूजा ने बड़े पुलिस अधिकारियों और न्यायिक अधिकारियों से अपने संबंध होने का दावा करते हुए पूरा मामला सुलझाने का भरोसा दिलाया। उसने कहा कि प्रभाव का इस्तेमाल कर केस खत्म कराया जा सकता है।

खुद को सिविल जज बताकर कराई मुलाकात

सितंबर 2026 में पूजा रायपुर पहुंची और दावा किया कि उसका चयन राजस्थान कैडर में सिविल जज के रूप में हो गया है। उसने नियमों का हवाला देते हुए कहा कि वह खुद केस नहीं लड़ सकती, इसलिए एक वरिष्ठ अधिवक्ता के माध्यम से पूरा मामला संभाला जाएगा। इसके बाद उसने आरजू की एक वकील से मुलाकात भी कराई।

वकील की फीस के नाम पर लिए पैसे

शिकायत के अनुसार, पूजा ने कहा कि संबंधित पुलिस अधिकारी केस खत्म कराने के लिए 2 लाख रुपए मांग रहे हैं। इसके अलावा अपनी और वकील की फीस के नाम पर भी रकम मांगी। आरजू ने ऑनलाइन भुगतान करने के साथ-साथ 1.50 लाख रुपए नकद भी आरोपी को सौंप दिए। बाद में कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) निकलवाने के नाम पर क्यूआर कोड भेजकर 18 हजार रुपए और ट्रांसफर करवा लिए गए।

सच्चाई सामने आने पर खुला मामला

कुछ समय बाद आरजू को जानकारी मिली कि पूजा ने कानून की पढ़ाई भी पूरी नहीं की है। इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिवक्ता से संपर्क किया तो पता चला कि पूजा पहले ही उनसे पैसे वापस ले चुकी थी। इसी बीच आरोपी ने फैमिली कोर्ट में याचिका दायर कराने के नाम पर 50 हजार रुपए और मांग लिए, जिससे पीड़िता को ठगी का संदेह हो गया।

iPhone के लिए दोस्त को ठगा

पीड़िता का आरोप है कि 16 सितंबर को रकम लेने के बाद पूजा नया iPhone लेकर आई और उसे दिखाया। आरजू का कहना है कि आरोपी ने उनकी मेहनत की कमाई से महंगा फोन खरीदा। जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।

पीड़िता की शिकायत पर खमतराई थाना पुलिस ने पूजा सिंह उर्फ मीठी सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 319(2) के तहत FIR दर्ज कर ली है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *