Mahadev Betting App: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले की जांच में CBI को बड़ी सफलता मिली है। मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर एजेंसी ने देश के 6 राज्यों में 33 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर लाइव सट्टा और जुए के पैनल संचालित होते मिले, जिन्हें मौके पर ही बंद कराया गया। छापेमारी में मोबाइल फोन, लैपटॉप, डिजिटल डिवाइस और कई अहम दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
CBI की जांच में सामने आया है कि सट्टे की रकम सीधे संचालकों तक नहीं पहुंचती थी। इसके लिए दूसरे लोगों के नाम पर खोले गए या किराए पर लिए गए बैंक खातों का इस्तेमाल किया जाता था। बाद में हवाला नेटवर्क के जरिए यह रकम विदेश भेजी जाती थी। एजेंसी अब इस पूरे आर्थिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
सौरभ से पूछताछ के बाद मिला नेटवर्क का सुराग
CBI ने सौरभ चंद्राकर को 1 नवंबर 2026 को ओमान से भारत लाने के बाद गिरफ्तार किया था। विशेष अदालत से 8 दिन की पुलिस रिमांड मिलने पर उससे विस्तृत पूछताछ की गई। जांच के दौरान देशभर में फैले पैनल ऑपरेटरों, सट्टा नेटवर्क और संचालन के तरीके से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आईं। इन्हीं इनपुट के आधार पर एजेंसी ने विभिन्न राज्यों में छापेमारी की।
इन शहरों में हुई कार्रवाई
CBI ने छत्तीसगढ़ के रायपुर और दुर्ग के अलावा दिल्ली, अमृतसर, नागौर, धौलपुर, भोपाल, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर समेत कई शहरों में एक साथ कार्रवाई की। एजेंसी को कई स्थानों से डिजिटल साक्ष्य और वित्तीय लेनदेन से जुड़े दस्तावेज मिले हैं।
किराए के खातों से विदेश भेजी जाती थी रकम
जांच में पता चला है कि महादेव ऐप का संचालन विदेश से किया जाता था, जबकि भारत में पैनल ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी बनाकर सट्टा संचालित करते थे। सट्टे से मिलने वाली रकम दूसरे लोगों के बैंक खातों में जमा कराई जाती थी और बाद में हवाला के जरिए विदेश भेज दी जाती थी। CBI अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है।
19 नवंबर तक जेल
CBI की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद सौरभ चंद्राकर को विशेष अदालत ने 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। इसके बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए कस्टोडियल रिमांड पर लिया है। एजेंसियां अब मामले से जुड़े अन्य आरोपियों, विदेश में बैठे संचालकों और सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही हैं।
CBI की चेतावनी
CBI ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुए से दूर रहें। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि किसी अन्य व्यक्ति को सट्टेबाजी के लिए अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराना भी अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।




