Police Memorial Day 2026: रायपुर में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अमर शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता वीर पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों के साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है।
माना स्थित चौथी वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के परिसर में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद जवानों को नमन किया। उन्होंने शहीद पुलिस अधिकारियों और जवानों के परिवारों को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस देश की एकता, अखंडता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को याद करने का दिन है। कठिन परिस्थितियों में भी पुलिस और सुरक्षा बल के जवान पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाते हैं।
नक्सलवाद के खिलाफ जवानों ने लिखा साहस का इतिहास
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि लंबे समय तक नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे बस्तर सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में अब शांति, सुरक्षा और विकास का नया वातावरण बना है। यह बदलाव जवानों के साहस और बलिदान से संभव हुआ है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस, जिला रिजर्व गार्ड, बस्तर फाइटर्स और केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों ने जंगलों और कठिन परिस्थितियों में नक्सलवाद के खिलाफ संघर्ष किया। उनके पराक्रम से प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है।
बस्तर में अब पहुंच रही विकास की रोशनी
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी भय और हिंसा का माहौल था, वहां अब सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और संचार जैसी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। दूरस्थ गांवों तक सरकार की योजनाएं पहुंच रही हैं और लोगों का विश्वास मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा कि नियद नेल्लानार योजना, पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं के माध्यम से आदिवासी क्षेत्रों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
शहीद परिवारों का त्याग भी अतुलनीय
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक जवान के बलिदान के पीछे उसके परिवार का त्याग, धैर्य और साहस भी जुड़ा होता है। राज्य सरकार शहीद परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि शहीद जवानों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता रहेगा।
पुलिस के आधुनिकीकरण पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस और सुरक्षा बलों को आधुनिक तकनीक और संसाधनों से मजबूत बनाने के साथ जवानों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। कानून व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी दी श्रद्धांजलि
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि राष्ट्र सुरक्षा और जनसेवा के लिए बलिदान देने वाले वीर जवानों का त्याग हमेशा याद रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में जवानों ने अदम्य साहस दिखाया है। आज सुरक्षा बल शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ विकास योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
पुलिस महानिदेशक ने जवानों के योगदान को सराहा
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस उन वीर जवानों को याद करने का अवसर है, जिन्होंने देश की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।
उन्होंने बताया कि 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक नक्सल विरोधी अभियानों में 84 नक्सली मारे गए, जबकि छत्तीसगढ़ पुलिस के छह जवानों ने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों की आहुति दी।
राजीव स्मृति वन पहुंचकर मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजीव स्मृति वन स्थित शहीद वाटिका पहुंचे। उन्होंने अमर जवान स्तंभ पर पुष्प अर्पित कर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, विधायक मोतीलाल साहू, पुलिस एवं सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारी और शहीद जवानों के परिजन मौजूद रहे।





