CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में भयंकर बारिश, 28 जिलों में अलर्ट; रायपुर में जलभराव; घरों में घुसा पानी  

CG Weather Update

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। रायपुर समेत कई जिलों में रातभर बारिश होती रही, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। राजधानी के सुंदरनगर, महादेवघाट रोड, विधानसभा क्षेत्र सहित कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भर गया है। वहीं, जगदलपुर के गंगा मुंडा और निचली बस्तियों में नालियां जाम होने से सड़कें जलमग्न हो गईं। मां प्रसाद मुखर्जी वार्ड में कई घरों में नालियों का पानी घुस गया।

सुकमा और बीजापुर के कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। लगातार बारिश के कारण कई गांवों का संपर्क टूट गया है और वे टापू जैसे नजर आ रहे हैं। दक्षिण छत्तीसगढ़ में इंद्रावती नदी उफान पर है, जिसे देखते हुए निचले इलाकों में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।

ट्रेन और फ्लाइट पर भी असर

भारी बारिश के चलते रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन होने से किरंदुल-विशाखापट्टनम रूट की दो ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इनमें किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर और किरंदुल-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस शामिल हैं। खराब मौसम के कारण जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट भी रद्द कर दी गई है।

बस्तर में स्कूल बंद, परीक्षा पर अलग से फैसला

लगातार बारिश और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बस्तर जिले के सभी शासकीय, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में आज भी अवकाश घोषित किया गया है। त्रैमासिक परीक्षा के आयोजन को लेकर अलग से निर्देश जारी किए जाएंगे।

 

इंद्रावती नदी किनारे अलर्ट

इंद्रावती नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने तटीय और निचले इलाकों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। जलभराव वाले रपटों और पुल-पुलियों पर बैरिकेडिंग की गई है तथा निगरानी दल तैनात किए गए हैं। लोगों से उफनते नदी-नालों को पार नहीं करने की अपील की गई है।

28 जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के 17 जिलों के लिए ऑरेंज और 11 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे में कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।

रायपुर में दिनभर बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में रातभर बारिश का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार आज शहर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *