Bhai Dooj 2026: बहनें भाई को क्यों देती हैं गोला? जानिए तिलक का शुभ मुहूर्त और पूजा विधि

Bhai Dooj

Bhai Dooj 2026: दीपावली के पांच दिवसीय पर्व का समापन भाई दूज के साथ होता है। यह त्योहार भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक माना जाता है। इस दिन बहनें अपने भाई का तिलक कर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना करती हैं।

भाई दूज की पूजा में तिलक की थाली का विशेष महत्व होता है। इसमें रोली, अक्षत, मिठाई, दीपक और नारियल यानी गोला शामिल किया जाता है। तिलक के बाद बहनें अपने भाई की हथेली पर गोला रखकर उन्हें भेंट करती हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसके पीछे एक विशेष कथा जुड़ी हुई है।

क्या है भाई को गोला देने की परंपरा?

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, यमराज और यमुना भगवान सूर्यदेव और देवी छाया की संतान थे। दोनों भाई-बहन के बीच बहुत प्रेम था, लेकिन यमराज अपने कार्यों में व्यस्त रहने के कारण लंबे समय तक यमुना से मिलने नहीं जा पाते थे।

एक बार कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे। भाई को देखकर यमुना बहुत प्रसन्न हुईं। उन्होंने यमराज का स्वागत किया, उन्हें भोजन कराया और विदाई के समय प्रेमपूर्वक सूखा गोला भेंट किया।

जब यमराज ने गोला देने का कारण पूछा तो यमुना ने बताया कि यह नारियल उन्हें हमेशा अपनी बहन की याद दिलाता रहेगा। साथ ही उन्होंने यमराज से हर वर्ष इस दिन मिलने का वचन भी लिया। मान्यता है कि तभी से भाई दूज पर बहनों द्वारा भाइयों को गोला देने की परंपरा चली आ रही है।

भाई दूज 2026 की तारीख (Bhai Dooj Muhurat 2026)

पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि 10 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे से शुरू होगी और 11 नवंबर 2026 को दोपहर 3 बजकर 53 मिनट तक रहेगी।

उदय तिथि के आधार पर भाई दूज का पर्व 11 नवंबर 2026, बुधवार को मनाया जाएगा।

भाई दूज शुभ मुहूर्त (Bhai Dooj Muhurat 2026)

  • भाई दूज की तारीख – 11 नवंबर 2026, बुधवार
  • द्वितीया तिथि प्रारंभ – 10 नवंबर 2026, दोपहर 2:00 बजे
  • द्वितीया तिथि समाप्त – 11 नवंबर 2026, दोपहर 3:53 बजे
  • तिलक करने का शुभ मुहूर्त – दोपहर 1:10 बजे से 3:20 बजे तक

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *