Vat Savitri Vrat: ज्येष्ठ अमावस्या के अवसर पर अंबिकापुर शहर में वट सावित्री व्रत को लेकर श्रद्धा और आस्था का विशेष माहौल देखने को मिला। सुबह से ही शहर के मंदिरों और वट वृक्षों के पास सुहागिन महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां महिलाओं ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर अपने पति की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
16 श्रृंगार में सजी महिलाओं ने बरगद वृक्ष की पूजा कर उसकी परिक्रमा की और व्रत कथा सुनकर अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद मांगा। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए।
शहर के कई मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक पूजा-अर्चना का आयोजन भी किया गया। महिलाओं ने भक्ति गीत और पारंपरिक लोकगीत गाकर पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। सुबह से ही पूजा स्थलों पर चहल-पहल बनी रही और पूरे शहर में धार्मिक उत्साह देखने को मिला।
हिंदू धर्म में वट सावित्री व्रत को सुहागिन महिलाओं के लिए विशेष महत्व का पर्व माना जाता है। मान्यता है कि श्रद्धा और नियमपूर्वक यह व्रत करने से पति की आयु लंबी होती है और परिवार में सुख-शांति एवं समृद्धि बनी रहती है।


