Durg News: पानी टंकी में मिला 3 दिन पुराना सड़ा-गला शव, हजारों घरों में होती रही पानी की सप्लाई

Durg News

Durg News: दुर्ग जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां नगर निगम क्षेत्र के जल घर में पानी की टंकी के अंदर एक सड़ा-गला शव तैरता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

जानकारी के अनुसार, टंकी की गहराई करीब 30 फीट है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि शव लगभग तीन दिन पुराना है। शव कई दिनों से टंकी में फंसा हुआ था, और पानी का स्तर बढ़ने पर ऊपर आ गया। इस जल घर से हजारों घरों में पानी की सप्लाई की जाती है।

तीन दिन पुराना शव मिलने पर उठे सवाल

नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष ने इस घटना को घोर लापरवाही बताया है। उन्होंने कहा कि तीन दिन पुराना शव टंकी में पड़ा रहा और इसके बावजूद पानी की आपूर्ति जारी रही, जिससे नागरिकों के स्वास्थ्य पर खतरा उत्पन्न हुआ। उन्होंने मामले में उच्च स्तरीय जांच और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

सड़ी-गली अवस्था में मिला शव

प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष के बीच है। शव पूरी तरह से सड़ी-गली अवस्था में मिला है, जिसके कारण उसकी पहचान नहीं हो पाई है।

डीएसपी भारती मरकाम ने बताया कि पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ मौके का मुआयना किया है। शव जल घर की मशीन के पास फंसा हुआ था। उन्होंने कहा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों और मृतक की पहचान को लेकर स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं नगर निगम प्रशासन ने जल आपूर्ति को अस्थायी रूप से रोक दिया है और जल घर की सफाई के निर्देश जारी किए गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *