Ambikapur Murder: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से दिल दहला देने वाला हत्या का मामला सामने आया है। मणिपुर थाना क्षेत्र के भिट्टीकला गांव में एक युवक ने अपनी 21 वर्षीय गर्भवती पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने नशे की हालत में पत्नी पर डंडे और पत्थर से हमला किया और फिर उसके शरीर में लोहे की रॉड घुसा दी। इस क्रूर हमले में महिला और उसके गर्भ में पल रहे तीन माह के भ्रूण की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, मृतका हिरोबाई और आरोपी प्रदीप अगरिया पिछले 6 वर्षों से साथ रह रहे थे। दोनों ने प्रेम संबंध के बाद साथ रहने का फैसला किया था। उनके चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। घटना की जानकारी मृतका की बड़ी बेटी ने ग्रामीणों और पुलिस को दी।
बताया जा रहा है कि आरोपी प्रदीप अगरिया ने नशे की हालत में पत्नी के साथ विवाद के बाद मारपीट शुरू कर दी। हमले में महिला के शरीर पर सिर से पैर तक कई गंभीर चोटें आईं। मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों ने महिला के शरीर से 27 सेंटीमीटर लंबी लोहे की रेतीनुमा रॉड बरामद की। डॉक्टरों के अनुसार, अंदरूनी अंग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे महिला और गर्भस्थ शिशु की मौत हुई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी पत्नी को बाइक में बांधकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचा। अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा महिला को मृत घोषित किए जाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मामले की सूचना मिलने के बाद मणिपुर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी चंद्र प्रताप तिवारी ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

