CG Double Murder: राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के चौथना गांव में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक आरोपी ने घर में घुसकर मां और बेटे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में दोनों की मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल युवती को प्राथमिक उपचार के बाद ग्रीन कॉरिडोर बनाकर रायपुर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार वारदात के पीछे पारिवारिक रंजिश की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
सब्जी बेचते थे परिवार
जानकारी के मुताबिक, चौथना गांव निवासी कमला सोनकर का परिवार सब्जी बेचने का काम करता है। शुक्रवार रात एक अज्ञात आरोपी घर में घुसा और कमला सोनकर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद उसने उनके बेटे हमेंद्र सोनकर (21) पर भी हमला कर दिया।
मां-बेटे की मौत, बेटी गंभीर
हमले में कमला सोनकर और उनके बेटे हमेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बेटी ममता सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
घायल बेटी को ग्रीन कॉरिडोर से रायपुर भेजा गया
पुलिस ने घायल ममता सोनकर को डोंगरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने रायपुर रेफर कर दिया। बेहतर इलाज के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उसे रायपुर भेजा गया।
वारदात के समय घर पर नहीं था पति
बताया जा रहा है कि घटना के समय कमला सोनकर का पति घर से बाहर था। डबल मर्डर की घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
पारिवारिक रंजिश की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। संदेह एक रिश्तेदार पर भी है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच कर रही है।
डोंगरगढ़ एसडीओपी केसरी नंदन नायक ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। घायल युवती को इलाज के लिए रायपुर भेजा गया है। पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करेगी।



