Raipur News: काक्रोच जनता पार्टी (CJP) के दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार नहीं चाहती कि किसी भी आंदोलन के दौरान असामाजिक तत्व शामिल होकर माहौल खराब करें। इसी को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पिछले समय हुए एक आंदोलन में बड़ी संख्या में असामाजिक तत्व शामिल हो गए थे। ऐसी स्थिति दोबारा न बने और प्रदेश व देश का वातावरण शांत बना रहे, इसके लिए सरकार ने जरूरी कदम उठाए हैं।
गन्ने की कीमत बढ़ा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गन्ना किसानों के मुद्दे पर कहा कि कवर्धा क्षेत्र में किसान आंदोलन कर रहे थे। कवर्धा गन्ना उत्पादन का प्रमुख क्षेत्र है। किसान नेताओं के साथ चर्चा के बाद गन्ने की कीमत बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने बताया कि पहले गन्ने की खरीदी 355 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जा रही थी, जिसे बढ़ाकर 425 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया गया है। इसके बाद किसानों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।
कांग्रेस नेता चरणदास महंत के बयान पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के दावे सिर्फ सपने हैं। उन्होंने कहा कि एक समय कांग्रेस का पूरे देश में प्रभाव था, लेकिन अब जनता उनके काम और वादों के बीच का अंतर समझ चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झूठ और फरेब की राजनीति के कारण कांग्रेस लगातार कमजोर हो रही है। आने वाले समय में कांग्रेस की स्थिति और खराब होगी।
वहीं, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सीजेपी प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश को कमजोर करने वाली गतिविधियों को लेकर सरकार सतर्क है। असामाजिक तत्वों और बाहरी ताकतों की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
ओपी चौधरी ने कहा कि कांग्रेस को इस मुद्दे पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने नागरिकता और घुसपैठ से जुड़े विषयों पर भी सवाल उठाए।
