CG Kisan Sangh Protest: छत्तीसगढ़ में किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ ने गुरुवार को प्रदेशभर में आंदोलन शुरू किया है। संघ के आह्वान पर प्रदेश के सभी 33 जिलों में किसान जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
किसान संघ धान खरीदी, बकाया भुगतान, समर्थन मूल्य, सिंचाई सुविधा, बिजली व्यवस्था, गन्ने के दाम और भूमि अधिग्रहण जैसे मुद्दों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित कर रहा है।
ट्रैक्टर रैली के साथ जिला मुख्यालय पहुंचेंगे किसान
भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ता और किसान ट्रैक्टरों के साथ रैली निकालकर जिला मुख्यालय पहुंचेंगे। यहां प्रदर्शन के बाद किसान मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे।
1700 करोड़ रुपए के बकाया भुगतान की मांग
किसान संघ ने वर्ष 2022-23 की लंबित करीब 1700 करोड़ रुपए की राशि का भुगतान जल्द करने की मांग रखी है। इसके अलावा केंद्र सरकार के समर्थन मूल्य के साथ राज्य सरकार की ओर से धान पर प्रति एकड़ 800 रुपए अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देने की मांग भी शामिल है।
धान खरीदी की अवधि बढ़ाने की मांग
संघ ने धान खरीदी की अवधि 15 नवंबर से 15 फरवरी तक निर्धारित करने की मांग की है। इसके साथ ही खरीदी केंद्रों की व्यवस्था बेहतर करने और टोकन प्रणाली में सुधार की मांग भी उठाई गई है।
किसानों की प्रमुख मांगें
- गन्ने के मूल्य में 150 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी।
- लंबित सिंचाई परियोजनाओं को जल्द पूरा करना।
- किसानों के लिए बिजली कटौती पर रोक लगाना।
- फसल बिक्री व्यवस्था में सुधार करना।
- एग्रीस्टैक पंजीयन प्रक्रिया को आसान बनाना।
- भूमि अधिग्रहण में किसानों के हितों की सुरक्षा करना।
- किसानों की अन्य लंबित समस्याओं का जल्द समाधान करना।

