CG News: वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सरिया अंचल में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने वर्चुअल माध्यम से जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विद्युत, पेयजल, अमृत मिशन, अस्पताल और सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
बैठक में मंत्री ने स्वीकृत विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने को कहा।
विद्युत और पेयजल योजनाओं की हुई समीक्षा
समीक्षा बैठक में राजपुर 132 केवी विद्युत परियोजना, अमृत मिशन के तहत चल रहे कार्यों और क्षेत्र में जल स्तर से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने और सामने आ रही समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिन विकास कार्यों के टेंडर जारी हो चुके हैं, उनकी प्रक्रिया जल्द पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाए। साथ ही सरिया क्षेत्र में चल रहे सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
अस्पताल और सड़क निर्माण कार्यों पर दिया जोर
बैठक में नर्सिंग कॉलेज निर्माण और 100 बिस्तरों वाले अस्पताल के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और समय-समय पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा क्षेत्र में बन रही सड़कों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। उन्होंने सड़क निर्माण कार्यों को बेहतर गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सारंगढ़, तहसीलदार सरिया एवं बरमकेला, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सरिया सहित जल संसाधन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग और सीएसईबी के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को सरिया क्षेत्र के विकास कार्यों की अद्यतन जानकारी और जरूरी दस्तावेजों के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए थे।

