CG Lightning Strike: खेत में गिरी आकाशीय बिजली, दो साढ़ू भाइयों समेत 3 किसानों की मौत

Lightning Strike:

CG Lightning Strike: बिलासपुर जिले के कोटा क्षेत्र में बुधवार शाम अचानक बदले मौसम ने बड़ा हादसा कर दिया। तेज गरज-चमक और बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दो साढ़ू भाइयों समेत 3 किसानों की मौत हो गई। तीनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद दोनों गांवों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

खेत में काम कर रहे थे दोनों साढ़ू भाई

जानकारी के मुताबिक, ग्राम लखोदना निवासी मन्ना यादव (41) और उनके साढ़ू कुंजराम यादव (45) बुधवार शाम खेत में काम कर रहे थे। शाम करीब 6 बजे अचानक मौसम बदला और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान आकाशीय बिजली दोनों के पास गिरी, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए और खेत में ही गिर पड़े। ग्रामीणों ने दोनों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़ा था किसान

दूसरी घटना ग्राम मानपुर की है। यहां जागेश्वर जगत (45) खेत में मेढ़ बांधने गए थे। अचानक बारिश शुरू होने पर वह बचने के लिए पास के एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से जागेश्वर गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद कोटा पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों मामलों में पंचनामा कार्रवाई की। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेज दिया गया है। एसडीओपी नुपूर उपाध्याय ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *