Kondagaon Accident: कोण्डागांव में नेशनल हाइवे-30 (National Highway 30 Accident) पर रविवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

मौके पर दो युवकों की मौत (Car Bike Accident Dudhgao Kondagaon)
हादसा दुधगांव के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान देवनाथ नेताम (Devnath Netam), ग्राम दुधगांव निवासी और लिखत सोरी (Likhat Sori), ग्राम खंडाम निवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

कार से मिला गांजा
जांच के दौरान पुलिस को दुर्घटनाग्रस्त कार से अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला। पुलिस ने गांजा जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्का जाम
हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और उन्होंने नेशनल हाइवे 30 पर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि आरोपी कार चालक को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। और मृतकों के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
इस दौरान हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। करीब एक घंटे तक चक्का जाम चलता रहा। बाद में एएसपी कौशलेन्द्र पटेल, तहसीलदार और जनप्रतिनिधियों की समझाइश के बाद ग्रामीण माने और यातायात बहाल हुआ।
