CG Congress: कांग्रेस ने संगठन में राष्ट्रीय स्तर पर बदलाव करते हुए छत्तीसगढ़ के प्रभारी सचिवों की जिम्मेदारी भी बदल दी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की ओर से जारी नई सूची के अनुसार अब जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह छत्तीसगढ़ में पार्टी संगठन का काम संभालेंगे। इससे पहले यह जिम्मेदारी विजय जांगिड और एसए संपत कुमार के पास थी।
कांग्रेस महासचिव और सांसद केसी वेणुगोपाल ने नई नियुक्तियों की जानकारी जारी की है। पार्टी के अनुसार सभी बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। इस फेरबदल में छत्तीसगढ़ के कुछ नेताओं को दूसरे राज्यों में भी संगठन की जिम्मेदारी दी गई है।
कोको पाढ़ी को ओडिशा और नरेश ठाकुर को गुजरात की जिम्मेदारी
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेता कोको पाढ़ी को ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रभारी सचिव बनाया गया है। वहीं, नरेश ठाकुर को गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अब जितेंद्र बघेल और हरनाम सिंह छत्तीसगढ़ में संगठन से जुड़े काम देखेंगे, जबकि कोको पाढ़ी और नरेश ठाकुर दूसरे राज्यों में पार्टी की जिम्मेदारियां संभालेंगे।
देवेंद्र यादव समेत 25 नेताओं की जिम्मेदारी बदली
कांग्रेस के इस संगठनात्मक फेरबदल में भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव को AICC सचिव की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है। वे गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
इसके अलावा विजय जांगिड और एसए संपत कुमार समेत कुल 25 सचिवों और संयुक्त सचिवों को उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों से हटा दिया गया है।
कई राज्यों में किए गए संगठनात्मक बदलाव
कांग्रेस की नई सूची में मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पंजाब, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, असम, तेलंगाना और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
इसके साथ ही संचार, प्रचार-प्रसार, मीडिया, सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया विभागों में भी जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। पार्टी ने सभी नई नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं।





