CG Nursing Protest: नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ ने अपना अनिश्चितकालीन आंदोलन स्थगित कर दिया है। आंदोलन शुरू होने के दूसरे दिन ही संबंधित मंत्री ने संघ के पदाधिकारियों को चर्चा के लिए बुलाया। बातचीत में कई मांगों पर आश्वासन मिलने के बाद संघ ने सरकार को एक महीने का समय दिया है।
संघ ने इस दौरान ग्रेड पे, नर्सिंग भत्ता और ड्रेस भत्ता से जुड़े आदेश जारी करने की मांग की है। पदाधिकारियों का कहना है कि यदि तय समय में मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया तो आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
1000 स्टाफ नर्सों की भर्ती प्रक्रिया शुरू
संघ के अनुसार चिकित्सा शिक्षा विभाग में 1000 स्टाफ नर्सों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसकी घोषणा 12 मई 2026 को की गई थी। पहले से काम कर रहे संविदा और दैनिक वेतनभोगी स्टाफ नर्सों को भर्ती में अनुभव के आधार पर प्राथमिकता देने या अतिरिक्त अंक देने का आश्वासन दिया गया है।
इसके अलावा नियमित भर्ती होने तक संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के वेतन में 10 हजार रुपए की बढ़ोतरी के लिए भी सरकार की ओर से प्रयास करने की बात कही गई है। इन आश्वासनों के बाद कर्मचारियों ने दोबारा अपनी ड्यूटी शुरू कर दी है।
2018 की कमेटी की सिफारिश पर भेजा गया प्रस्ताव
नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन ने बताया कि वर्ष 2018 में गठित कमेटी की अनुशंसा के आधार पर प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जा चुका है। अब इस प्रस्ताव पर आदेश जारी होने का इंतजार है।
संघ की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रीना राजपूत ने बताया कि सरकार को ग्रेड पे, नर्सिंग भत्ता और ड्रेस भत्ता से संबंधित आदेश जारी करने के लिए एक महीने का समय दिया गया है। यदि इस अवधि में मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होता है तो संगठन आगे की कार्रवाई तय करेगा।


