Bilaspur Murder: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक युवती ने अपने शादीशुदा प्रेमी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी युवती शव को घर के पीछे बाड़ी में छोड़कर स्कूटी से फरार हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया। मामला सीपत थाना क्षेत्र का है।![]()
घर के पीछे बाड़ी में मिला शव
पुलिस के अनुसार ग्राम कौड़िया निवासी चंद्रप्रकाश पटेल (28) खेती-किसानी करता था। वह शादीशुदा था और उसके चार बच्चे हैं। घटना के दिन परिवार के अन्य सदस्य खेत में काम करने गए थे, जबकि चंद्रप्रकाश घर पर अकेला था। शाम को परिजन लौटे तो घर के पीछे बाड़ी में उसका शव पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जांच में सामने आए प्रेम संबंध
मौके पर पहुंची पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम टीम की मदद से जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि मृतक के दर्राभाठा निवासी उर्वसी दास महंत के साथ प्रेम संबंध थे। मृतक के एक बच्चे ने भी पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन दोपहर में युवती घर आई थी। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
CG Workers Attack: छत्तीसगढ़ के मजदूरों की कश्मीर हत्या, नाम पूछकर आतंकियों ने मारी गोली
गर्लफ्रेंड ने गला दबाकर की प्रेमी की हत्या
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी युवती से दोबारा पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
नशे में हुआ था विवाद
आरोपी युवती ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन वह स्कूटी से चंद्रप्रकाश के घर गई थी। उस समय चंद्रप्रकाश शराब के नशे में था। उसने युवती पर इधर-उधर घूमने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
खुद को बचाने प्रेमी का गला दबाया
युवती के अनुसार विवाद के दौरान चंद्रप्रकाश ने उसका गला दबाना शुरू कर दिया। खुद को बचाने के लिए उसने भी चंद्रप्रकाश का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को घर के पीछे बाड़ी में छोड़ दिया और स्कूटी से मौके से फरार हो गई।
आरोपी युवती का कहना है कि यदि वह ऐसा नहीं करती तो उसकी जान को खतरा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच आगे बढ़ा दी है।
