CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में तूफान अकवान का असर, रायपुर में भारी बारिश ! 100 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

tufan akwan

CG Weather Update: चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव शुरू हो गया है। राजधानी रायपुर में गुरुवार देर रात मौसम ने करवट ली और ठंडी हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। तापमान में गिरावट के कारण ठंड का असर बढ़ गया है। कई जगह लोग अलाव जलाकर ठंड से बचते नजर आए। वहीं, अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पेंड्रा जिले में भी सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। कई स्थानों पर रुक-रुककर हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम में ठंडक बढ़ गई।

इन जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए रायपुर सहित प्रदेश के 11 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में हल्की बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

अलर्ट वाले जिलों में रायपुर, बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद शामिल हैं।

 

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है चक्रवाती तूफान

मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान अकवान उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट के पास सक्रिय है। इसके गोपालपुर के आसपास तट से टकराने की संभावना है। तूफान के दौरान 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

तूफान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवा और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

बारिश और तेज हवाओं की संभावना

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं, कुछ स्थानों पर गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है।

 

रायपुर में सामान्य से कम रहा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री कम रहा। दिन और रात के तापमान में 12.5 डिग्री सेल्सियस का अंतर दर्ज किया गया। वहीं, प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *