Dussehra 2026: क्यों मनाया जाता है दशहरा? जानिए शुभ मुहूर्त, रावण दहन का समय और धार्मिक महत्व

Dussehra 2026: हिंदू धर्म में विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक माना जाता है। शारदीय नवरात्रि के नौ दिनों की आराधना के बाद दशमी तिथि पर यह पर्व पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इसे दशहरा और विजयादशमी दोनों नामों से जाना जाता है। वर्ष 2026 में दशहरा 20 अक्टूबर, मंगलवार को मनाया जाएगा।

 

दशहरा 2026 – तिथि और शुभ मुहूर्त

 

विजयादशमी – 20 अक्टूबर 2026, मंगलवार

दशमी तिथि प्रारंभ – 20 अक्टूबर दोपहर 12:50 बजे

दशमी तिथि समाप्त – 21 अक्टूबर दोपहर 2:11 बजे

विजय मुहूर्त – दोपहर 1:59 बजे से 2:45 बजे तक

अपराह्न पूजा – दोपहर 1:14 बजे से 3:30 बजे तक

श्रवण नक्षत्र – 20 अक्टूबर शाम 6:02 बजे तक

 

रावण दहन का शुभ समय

 

दशहरे के दिन सूर्यास्त के बाद प्रदोष काल में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाता है। इस वर्ष 20 अक्टूबर को शाम लगभग 5:47 बजे सूर्यास्त के बाद रावण दहन करना शुभ माना गया है।

 

दशहरा क्यों मनाया जाता है?

 

भगवान श्रीराम की विजय

 

रामायण के अनुसार, लंकापति रावण ने माता सीता का हरण किया था। इसके बाद भगवान श्रीराम ने वानर सेना के साथ लंका पर चढ़ाई की। मान्यता है कि भगवान श्रीराम ने युद्ध से पहले नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना की और दसवें दिन रावण का वध कर अधर्म का अंत किया। तभी से विजयादशमी का पर्व मनाया जाता है।

 

मां दुर्गा की महिषासुर पर विजय

 

एक अन्य मान्यता के अनुसार, महिषासुर के अत्याचारों से देवता और मानव परेशान थे। तब मां दुर्गा ने लगातार नौ दिनों तक युद्ध किया और दशमी तिथि को महिषासुर का वध कर धर्म की रक्षा की। इसी विजय की स्मृति में विजयादशमी मनाई जाती है।

 

विजयादशमी का धार्मिक महत्व

 

विजयादशमी को अबूझ मुहूर्त माना जाता है। इस दिन बिना विशेष मुहूर्त देखे नए कार्य, व्यापार, वाहन या अन्य शुभ कार्य शुरू किए जा सकते हैं। इस दिन शमी पूजन, अस्त्र-शस्त्र पूजन और नीलकंठ पक्षी के दर्शन का भी विशेष महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इन परंपराओं का पालन करने से जीवन में सफलता, सुख-समृद्धि और विजय प्राप्त होती है।

 

(दशमी तिथि का अपराह्न काल 20 अक्टूबर को होने के कारण पूरे देश में विजयादशमी और रावण दहन 20 अक्टूबर को ही किया जाएगा।)

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *