Teej Milan 2026: छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, परंपरा और तीज पर्व की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नवा रायपुर में भव्य तीज मिलन उत्सव का आयोजन किया जाएगा। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा की मेजबानी में यह कार्यक्रम 22 सितंबर 2026 को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक सेक्टर-24 स्थित एम-12, अटल नगर (नवा रायपुर) में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अपनी धर्मपत्नी वीणा सिंह तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय के साथ विशेष रूप से शामिल होंगे। इसके अलावा प्रदेश के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी इस आयोजन में मौजूद रहेंगे।
छत्तीसगढ़ी संस्कृति और परंपरा का होगा संगम
मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और आपसी प्रेम का प्रतीक हैं। तीज मिलन उत्सव का उद्देश्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि आयोजन में तीज पर्व की पारंपरिक रस्मों के साथ छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति, पारंपरिक व्यंजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आकर्षक आयोजन किया जाएगा, जिससे प्रतिभागियों को प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

