Chhattisgarh Band: 24 दिसंबर को छत्तीसगढ़ बंद का ऐलान, आदिवासी समाज का प्रदर्शन, चैंबर ऑफ कॉमर्स ने दिया समर्थन

Chhattisgarh Band

Chhattisgarh Band: प्रदेश में धर्मांतरण और आदिवासियों पर हो रहे कथित हमलों के विरोध में 24 दिसंबर को छत्तीसगढ़ बंद का आह्वान किया गया है। इस बंद का ऐलान सर्व आदिवासी समाज द्वारा किया गया है, जिसे प्रदेश के विभिन्न सामाजिक संगठनों का समर्थन मिल रहा है।

कांकेर जिले में सामने आए हालिया विवादों और धर्मांतरण से जुड़े मामलों के बाद प्रदेश में बढ़ते तनाव को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आयोजकों का कहना है कि लगातार सामने आ रही घटनाओं से आदिवासी समाज में आक्रोश है और इसी के चलते प्रदेशव्यापी बंद का फैसला लिया गया है।

इस बंद को छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (CCCI) ने भी समर्थन देने की घोषणा की है। चैंबर के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने कहा कि प्रदेश का सामाजिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है, जिसे किसी भी स्थिति में सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में हो रहा धर्मांतरण चिंता का विषय है और यह प्रदेश की सामाजिक संरचना के लिए ठीक नहीं है।

जैन, अग्रवाल, सिख और सिंधी समाज सहित कई अन्य सामाजिक संगठनों ने इस बंद का पूर्ण समर्थन किया है। आयोजकों ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखते हुए बंद को सफल बनाने की अपील की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *