Raipur CM Jan Darshan: रायपुर में CM जनदर्शन में कोने-कोने से पहुंचे लोग, भारी भीड़ ने खोली अधिकारियों की पोल!

Raipur CM Jan Darshan

Raipur CM Jan Darshan: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जनदर्शन कार्यक्रम में गुरुवार को प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और मांगें लेकर पहुंचे। लोगों ने फसल नुकसान के बीमा क्लेम, जमीन विवाद, विस्थापन, प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त, सड़क, स्कूल और धान खरीदी केंद्र जैसी समस्याओं को मुख्यमंत्री के सामने रखा।

जनदर्शन में 120 सरपंचों ने अधिकारियों पर कमीशनखोरी के आरोप लगाते हुए शिकायत की। वहीं शिक्षाकर्मियों की नियुक्ति, शिक्षकों के युक्तिकरण, गांवों की मूलभूत सुविधाओं और अन्य मांगों को लेकर भी लोग मुख्यमंत्री से मिले।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ी भाषा को पढ़ाई में लागू करने, पक्षियों के संरक्षण और मार्शल आर्ट ट्रेनर को प्रशासन की ओर से सहयोग राशि उपलब्ध कराने जैसी मांगें भी जनदर्शन में पहुंचीं।

करीब 10 महीने बाद हुआ जनदर्शन

मुख्यमंत्री निवास में पिछला जनदर्शन 8 जनवरी 2026 को आयोजित किया गया था। करीब 10 महीने बाद हुए इस जनदर्शन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें मुख्यमंत्री के सामने रखीं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जल्द निराकरण के निर्देश दिए।

PM आवास की किस्त नहीं मिलने की शिकायत

पलारी से पहुंची एक महिला ने प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि नहीं मिलने की शिकायत की। महिला ने बताया कि उसका मकान निर्माण शुरू नहीं हो पा रहा है। अभी तक उसे केवल 40 हजार रुपए मिले हैं, इसके बाद योजना की राशि मिलनी बंद हो गई। अब तक सिर्फ एक किस्त ही प्राप्त हुई है।

शिक्षाकर्मियों ने नियमितीकरण की मांग उठाई

जनदर्शन में पहुंचे शिक्षाकर्मी सोमनाथ यादव ने बताया कि वर्ष 1999 में पंचायतों में शिक्षाकर्मियों की नियुक्ति हुई थी। वर्तमान में कई शिक्षाकर्मी नियमित हो चुके हैं, लेकिन उनकी नियुक्ति और नियमितीकरण की प्रक्रिया अब भी लंबित है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस दिशा में कार्रवाई की मांग की।

युक्तिकरण से परेशान शिक्षिका ने रखी समस्या

बिलासपुर से पहुंची एक शिक्षिका ने युक्तिकरण के बाद स्थानांतरण की समस्या बताई। उन्होंने कहा कि उन्हें 40 किलोमीटर दूर भेज दिया गया है। शिक्षा विभाग में आवेदन देने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। वह मंत्रालय में भी कई बार आवेदन दे चुकी हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश

जनदर्शन में आई शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समय पर निराकरण शासन की प्राथमिकता है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *