CG ACB Raid: जनपद पंचायत में ACB का छापा, CEO समेत 3 गिरफ्तार

CG ACB Raid: छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में एसीबी बिलासपुर की टीम ने सक्ती जिले के जनपद पंचायत कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद पंचायत सीईओ, सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी और एक भृत्य को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। तीनों पर प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत स्वीकृत विकास कार्यों की राशि जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार ग्राम लिमतरा के निवासी अरुण कुमार भारद्वाज ने एसीबी से शिकायत की थी कि उनकी माता ग्राम पंचायत लिमतरा की सरपंच हैं। पंचायत क्षेत्र में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत निर्मला घाट, नाली निर्माण और अन्य विकास कार्यों के लिए कुल 20 लाख रुपए स्वीकृत किए गए थे। इनमें से 8 लाख रुपए जारी हो चुके थे, जबकि शेष 12 लाख रुपए की राशि का चेक जारी होना बाकी था।

शिकायतकर्ता का आरोप था कि शेष राशि जारी करने के लिए जनपद पंचायत सक्ती के सीईओ निखिल कश्यप और सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी अविनाश ठाकुर ने 2 लाख रुपए कमीशन की मांग की। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया, जिसमें आरोप सही पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 1 लाख रुपए पहले ही कार्यालय भृत्य लच्छन भानु के माध्यम से लिए जा चुके थे और शेष 1 लाख रुपए के लिए दबाव बनाया जा रहा था।

इसके बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। 15 जून 2026 को शिकायतकर्ता को निर्धारित रकम लेकर जनपद पंचायत कार्यालय भेजा गया। आरोप है कि सीईओ निखिल कश्यप के निर्देश पर सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी अविनाश ठाकुर ने रिश्वत की राशि भृत्य लच्छन भानु को देने के लिए कहा। जैसे ही शिकायतकर्ता ने 1 लाख रुपए की राशि सौंपी, पहले से मौजूद एसीबी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के दौरान एसीबी ने रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली। तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित) की धारा 7 एवं 12 के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसीबी अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की पूछताछ और वैधानिक कार्रवाई जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *