Mohan Bhagwat Raipur Visit: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 31 दिसंबर को एक विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत (RSS chief Mohan Bhagwat) मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संत असंग देव मुख्य अतिथि रहेंगे। यह आयोजन अभनपुर विकासखंड के सोनपैरी गांव स्थित असंग देव कबीर आश्रम में दोपहर 2 बजे से शुरू होगा।
आयोजन समिति के अनुसार, सम्मेलन में सनातन संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक समरसता, राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय चेतना जैसे विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेशभर से संत-महात्मा, समाजसेवी, बुद्धिजीवी और बड़ी संख्या में आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। (मोहन भागवत रायपुर आगमन)

अंतिम चरण में तैयारियां
हिंदू सम्मेलन समिति ग्राम सोनपैरी (Sonpairi Hindu Sammelan) के संरक्षक देवकर साहेब और सचिव प्रदीप गजेंद्र ने बताया कि आयोजन की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। सम्मेलन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं के बैठने की समुचित व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए समिति की अलग-अलग टीमें तैनात रहेंगी।
आयोजन समिति ने प्रदेश के सभी सनातनी और हिंदू समाज के लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस ऐतिहासिक सम्मेलन को सफल बनाएं।
प्रदेश में लगातार हो रहे हिंदू सम्मेलन
प्रदेश में बीते दिनों लगातार हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। 9 दिसंबर को विश्रामपुर में हिंदू महासंगम, 12 दिसंबर को चंदखुरी स्थित कौशल्या माता मंदिर में सम्मेलन, 13 दिसंबर को भानुप्रतापपुर में आयोजन हुआ था। 31 दिसंबर को सोनपैरी में होने वाला यह सम्मेलन प्रदेश के बड़े धार्मिक-सामाजिक आयोजनों में से एक माना जा रहा है।
