Gariaband Murder: गरियाबंद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह घर से स्कूटी लेकर निकली एक शिक्षिका की दो घंटे बाद अधजली लाश मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शव शहर के रिहायशी क्षेत्र स्थित साईं मंदिर के पीछे झाड़ियों में मिला है।
मृतका की पहचान माजरकट्टा स्कूल में पदस्थ शिक्षिका जिनेश्वरी कुर्रे के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जिनेश्वरी कुर्रे शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे घर से निकली थीं। लगभग दो घंटे बाद स्थानीय लोगों ने साईं मंदिर के पास झाड़ियों में एक महिला का अधजला शव देखा, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर कोतवाली पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

एडिशनल एसपी जितेंद्र चंद्राकर ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्मदाह का मामला नहीं लग रहा है, क्योंकि घटनास्थल पर खुद से आग लगाने के कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं मिले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है।
बताया गया है कि मृतका सिविल लाइन वार्ड की निवासी थीं, विवाहित थीं और उनके बच्चे भी हैं। एक दिन पहले ही वह परिवार के साथ एक जयंती समारोह में शामिल हुई थीं। पुलिस घरेलू विवाद सहित अन्य सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
