CG News: तालाब में फेंकी गई नवजात बच्ची, पहचान छिपाने की कोशिश

Bilaspur News

CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बेलगहना चौकी क्षेत्र के लमरीडबरी गांव में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जहां जन्म के बाद एक नवजात बच्ची को जिंदा तालाब में फेंक दिया गया, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार घटना मार्च महीने की है। 29 मार्च की दोपहर गांव की महिला बृजबाई ने कोटवार निर्मलदास मानिकपुरी को सूचना दी थी कि गांव के रामसागर तालाब में एक बच्चे का शव तैर रहा है। सूचना मिलने पर कोटवार मौके पर पहुंचा और तालाब के दक्षिण हिस्से में नवजात बच्ची का शव औंधे मुंह तैरता हुआ देखा। शव को बाहर निकालने पर बच्ची की उम्र करीब एक से दो दिन होने का अनुमान लगाया गया।

tcw

पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। विस्तृत मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ। जांच में पुष्टि हुई कि बच्ची की मौत प्राकृतिक नहीं थी।

 

रिपोर्ट के अनुसार नवजात को जिंदा तालाब में फेंका गया था, जिससे पानी में डूबने और दम घुटने के कारण उसकी मौत हुई। पुलिस का मानना है कि किसी ने लोक-लाज के डर से बच्ची के जन्म को छिपाने के लिए यह कदम उठाया।

पुलिस अब जांच कर रही है कि मार्च के अंतिम सप्ताह में आसपास के गांवों या स्वास्थ्य केंद्रों में किस महिला ने बच्ची को जन्म दिया था। इसके लिए मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और कोटवारों से जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *