Bilaspur Bus Accident: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसा का मामला सामने आया है। रतनपुर थाना क्षेत्र के नेशनल हाइवे पर मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे तेज रफ्तार यात्री बस खड़े ट्रेलर से जा टकराई। इस दुर्घटना में बस में सवार 16 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 11 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा दर्री पारा के पास हुआ। बिहार से रायपुर की ओर जा रही रॉयल बस सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और सुबह के समय कम दृश्यता को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को पहले रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिम्स (CIMS) बिलासपुर रेफर किया गया है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
