Raipur Gang Rape: रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, वारदात को 2 नाबालिग आरोपियों ने अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपियों ने छात्रा को डराया-धमकाया, जिसके कारण वह करीब एक महीने तक किसी को पूरी घटना नहीं बता सकी।
तबीयत बिगड़ने पर मां को बताई आपबीती
बताया जा रहा है कि अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे उल्टियां और चक्कर आने लगे। बेटी की तबीयत खराब होने पर मां ने कारण पूछा, तब छात्रा ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया।
दोनों आरोपी हिरासत में
परिजनों की शिकायत पर विधानसभा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया। आरोपियों की उम्र 14 और 16 वर्ष बताई गई है।
गिरफ्तारी के बाद दोनों नाबालिगों को बाल न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उन्हें बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई कर रही है।


