Korba Suicide: टीचर ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान, सिर-धड़ अलग मिले, पुलिस जांच में जुटी

Korba Suicide

Korba Suicide: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। रेलवे ट्रैक पर एक स्कूल टीचर का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। सिर धड़ से अलग होकर दूर पड़ा था, जबकि शरीर कई टुकड़ों में बंट चुका था। RPF ने इसे आत्महत्या का मामला बताया है। यह घटना कुसमुंडा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, 50 वर्षीय संतोष नायर (Teacher Santosh Nayar Train Death Korba) निवासी दीपका ऊर्जा नगर, कोरबा के बीकन इंग्लिश मीडियम स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वे करीब दो साल पहले परिवार सहित केरल से कोरबा आए थे। हालांकि, अब तक मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

रविवार रात गेवरा रोड रेलवे स्टेशन के पास कुछ लोगों ने रेलवे ट्रैक पर शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर कुसमुंडा थाना पुलिस और RPF टीम पहुंची। काफी मशक्कत के बाद शव की पहचान संतोष नायर के रूप में हुई। परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

घटनास्थल के पास मिला मोबाइल

पुलिस को घटनास्थल से कुछ दूरी पर मृतक का मोबाइल फोन भी मिला है, जिसे जब्त कर लिया गया है। RPF थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि अभी मौत के कारण की पुष्टि नहीं हो सकी है।

फिलहाल कुसमुंडा पुलिस मामले की जांच में जुटी है, और मोबाइल की जांच से मौत का कारण स्पष्ट होने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *