Bhilai Teacher Kidnapping: दुर्ग जिले में शुक्रवार को सामने आई महिला टीचर के किडनैपिंग की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने न केवल शिक्षिका राधा साहू को सुरक्षित बरामद किया, बल्कि अपहरण की साजिश रचने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पेशे से ऑटो चालक है, जो तीन साल से शिक्षिका को स्कूल लाने-ले जाने का काम करता था।

पति को आया फिरौती का कॉल
बता दें, राधा साहू के पति मुकेश साहू को उनकी पत्नी के मोबाइल नंबर से एक अज्ञात कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को अपहरणकर्ता बताया और शिक्षिका की सुरक्षित रिहाई के बदले 5 लाख रुपये की मांग की। पैसे नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई। घबराए पति ने तुरंत छावनी थाने में शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी तक कैसे पहुँची पुलिस?
शिकायत मिलते ही SSP विजय अग्रवाल ने जांच टीम को तेजी से कार्रवाई के निर्देश दिए। एसीसीयू और थाने की टीम ने तकनीकी विश्लेषण, कॉल डिटेल और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। फोन की लोकेशन ने पुलिस को सीधे ऑटो चालक इंतखाब आलम तक पहुंचाया। पूछताछ में आरोपी का सच उजागर हो गया।

ऑटो चालक ने रची अपहरण की साजिश
इंतखाब आलम पिछले तीन साल से शिक्षिका को स्कूल लाने-ले जाने का काम करता था। इसी दौरान उसने शिक्षिका के भरोसे का फायदा उठाकर उनसे कई बार आर्थिक मदद ली। धीरे-धीरे उसका लालच बढ़ा और उसने कर्ज चुकाने व नई ऑटो खरीदने के नाम पर राधा साहू से 5 लाख रुपये मांग लिए। शिक्षिका ने इनकार किया तो आरोपी ने फर्जी अपहरण की साजिश रच डाली।

मोबाइल से ही किया फिरौती कॉल
इंतखाब ने शिक्षिका को बहाने से अपने कब्जे में लिया और उनके मोबाइल से पति को कॉल कर 5 लाख रुपये की मांग की। लेकिन पुलिस की तेजी और तकनीकी जांच के कारण आरोपी की चाल जल्द पकड़ में आ गई। पुलिस ने कुछ ही घंटों में शिक्षिका को बरामद कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने जब्त किए सामान
आरोपी से मोबाइल फोन, ऑटो और शिक्षिका की सिम कार्ड जब्त किए गए हैं। उसके खिलाफ अपहरण, फिरौती और धमकी देने के गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
Bhilai Teacher Kidnapping: भिलाई में दिनदहाड़े महिला टीचर का अपहरण, 5 लाख फिरौती की मांग…
