Raipur Accident: राजधानी रायपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। खमतराई थाना क्षेत्र में बंजारी मंदिर से दर्शन कर बाहर निकली एक महिला को ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
मृतका की पहचान 60 वर्षीय अघनिया बाई निषाद के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, वह अपनी बेटी, दामाद, नाती और नातिन के साथ बंजारी मंदिर में दर्शन करने पहुंची थीं।
मंदिर से बाहर आते ही ट्रक ने कुचला
बताया जा रहा है कि दर्शन के बाद अघनिया बाई अपने परिवार के साथ मंदिर से बाहर निकल रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य भी वहां मौजूद थे, लेकिन वे बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
ट्रक जब्त कर चालक की तलाश शुरू
घटना की सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं ट्रक को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच कर रही है, ताकि फरार चालक की पहचान की जा सके।

