Chhattisgarh Rajyotsav 2026: ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर मनाया गया छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस

Chhattisgarh Rajyotsav 2026: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर शासकीय हाई स्कूल मैदान जांजगीर में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया गया। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

Chhattisgarh Rajyotsav 2026: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर शासकीय हाई स्कूल मैदान जांजगीर में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया गया। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

राज्योत्सव कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभागों की योजनाओं और कार्यों की जानकारी ली।

राज्य निर्माण के योगदान को किया याद

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धरमलाल कौशिक ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व और संकल्प के कारण 1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य का गठन हुआ।

उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के शुरुआती दौर में छत्तीसगढ़ को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा था। संसाधनों की कमी, खाद्यान्न संकट, बिजली समस्या और रोजगार के लिए पलायन जैसी परेशानियां थीं। आज प्रदेश कृषि, उद्योग, अधोसंरचना और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है।

छत्तीसगढ़ विकास की राह पर आगे बढ़ रहा

धरमलाल कौशिक ने कहा कि किसानों की मेहनत से छत्तीसगढ़ देश के धान उत्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिली है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना से लाखों परिवारों को पक्के मकान मिल रहे हैं। महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक सहायता मिल रही है। इसके अलावा उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और निःशुल्क खाद्यान्न जैसी योजनाओं से आम लोगों को लाभ पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा कि किसानों को 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का लाभ दिया जा रहा है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।

विधायक कौशिक ने कहा कि प्रदेश में सड़कों, बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ है। बेहतर सड़क संपर्क से विकास कार्यों को गति मिली है।

उन्होंने जांजगीर-चांपा जिले का उल्लेख करते हुए कहा कि यह जिला कृषि के साथ-साथ अपनी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत के लिए भी जाना जाता है। महानदी सहित जिले की प्राकृतिक धरोहर इसकी अलग पहचान है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब छत्तीसगढ़ और प्रदेश के सभी जिले विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेंगे। इसके लिए सरकार, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को मिलकर काम करना होगा।

विभिन्न विभागों ने लगाई आकर्षक प्रदर्शनी

राज्योत्सव में विभिन्न विभागों की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें पंचायत एवं ग्रामीण विकास, जनसंपर्क विभाग, महिला एवं बाल विकास, कृषि विभाग, उद्यानिकी, समाज कल्याण, मछली पालन, पुलिस विभाग, आयुष, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्वास्थ्य विभाग और श्रम विभाग सहित कई विभागों ने अपने स्टॉल लगाए।

अतिथियों ने सभी स्टॉलों का भ्रमण कर योजनाओं की जानकारी ली। इस दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका जांजगीर-नैला अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *