Amit Shah Raipur Visit: रायपुर पहुंचे अमित शाह, राज्योत्सव के समापन समारोह में होंगे शामिल, जानिए मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

Amit Shah

Amit Shah Raipur Visit: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मंगलवार को एक दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे। अपने दौरे के दौरान वे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सबसे पहले वे पंडरी स्थित एक निजी अस्पताल के लोकार्पण समारोह में भाग लेंगे। इसके बाद नया रायपुर में विकसित भारत संकल्प पार्क (पीपल वन) का लोकार्पण करेंगे और फिर राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री ने किया स्वागत

रायपुर पहुंचने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि माता कौशल्या की पावन भूमि और प्रभु श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में उनका हार्दिक स्वागत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की शांति, सुरक्षा और विकास के लिए अमित शाह का सहयोग छत्तीसगढ़ को नई दिशा और मजबूती प्रदान कर रहा है।

एयरपोर्ट से सीधे अस्पताल पहुंचे

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह दोपहर 3:05 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वे सीधे पंडरी स्थित निजी अस्पताल रवाना हुए, जहां दोपहर 3:30 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे।

विकसित भारत संकल्प पार्क का करेंगे लोकार्पण

अस्पताल कार्यक्रम के बाद अमित शाह शाम 5:05 बजे नया रायपुर के सेक्टर-16 स्थित पीपल वन के लिए रवाना होंगे। यहां शाम 5:35 बजे विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे राज्योत्सव मैदान के लिए प्रस्थान करेंगे।

राज्योत्सव के समापन समारोह में होंगे शामिल

अमित शाह शाम 5:55 बजे राज्योत्सव मैदान पहुंचेंगे। शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक आयोजित राज्योत्सव 2026 के समापन समारोह में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त भी जारी की जाएगी। कार्यक्रम में राज्य अलंकरण सम्मान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित होंगी।

रात में दिल्ली लौटेंगे

राज्योत्सव कार्यक्रम के बाद अमित शाह रात 8 बजे राज्योत्सव स्थल से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रात 8:20 बजे वे दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *