President Draupadi Murmu Bastar Visit: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां दंतेश्वरी के दर्शन कर देशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की।
मंदिर पहुंचने पर राष्ट्रपति का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। उन्होंने श्रद्धापूर्वक मां दंतेश्वरी की पूजा की और आशीर्वाद लिया। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी मां दंतेश्वरी के दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मां दंतेश्वरी बस्तर की आस्था और लोकजीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। बस्तर के लोगों की मां दंतेश्वरी के प्रति गहरी श्रद्धा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आगमन बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर है।
बस्तर की संस्कृति को मिलेगी नई पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अपनी जनजातीय संस्कृति, प्राचीन परंपराओं और विशेष जीवन मूल्यों के लिए देश-दुनिया में अलग पहचान रखता है। यहां की परंपराओं में प्रकृति, आस्था और समाज के बीच गहरा संबंध देखने को मिलता है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के प्रवास से बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और सम्मान मिलेगा।
बस्तर की आराध्य देवी हैं मां दंतेश्वरी
मां दंतेश्वरी बस्तर अंचल की आराध्य देवी मानी जाती हैं। बस्तरवासियों की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं में मां दंतेश्वरी का विशेष स्थान है। सदियों पुरानी आस्था और परंपराओं से जुड़ी मां दंतेश्वरी की उपासना बस्तर के सामाजिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है।


