CG Student Suicide: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के जालबांधा क्षेत्र में कक्षा 8वीं में पढ़ने वाली 15 वर्षीय छात्रा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा ने पिता को चाय पिलाकर पढ़ने के लिए गई और फिर कमरे में मां की साड़ी से लटकी लाश मिली।
परिजनों के अनुसार बुधवार रात करीब 8 बजे छात्रा ने रोज की तरह अपने पिता को चाय बनाकर दी। इसके बाद उसने कहा कि वह पढ़ाई करने जा रही है और अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।

कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर जब परिजन अंदर पहुंचे तो छात्रा मां की साड़ी से बने फंदे पर लटकी मिली। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही जालबांधा पुलिस मौके पर पहुंची। शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस परिजनों और छात्रा की सहेलियों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
