CG Hockey League: छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को मिला वैश्विक मंच, 1 नवम्बर को होगा खिताबी मुकाबला

Hockey League 2026

CG Hockey League: छत्तीसगढ़ की हॉकी अब प्रदेश की सीमाओं से निकलकर वैश्विक मंच तक पहुंच रही है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सभी मुकाबलों का जियोहॉटस्टार पर सीधा प्रसारण किया जा रहा है। इससे देश-दुनिया के दर्शक रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में हो रहे रोमांचक मुकाबलों को लाइव देख रहे हैं।

21 अक्टूबर से शुरू हुई यह लीग 1 नवंबर तक चलेगी। प्रतियोगिता में ओलंपियन और भारतीय हॉकी के दिग्गज खिलाड़ी भी शामिल हैं। लीग के ब्रांड एंबेसडर भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और ओलंपियन सरदार सिंह खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा रहे हैं।

ओलंपियन खिलाड़ियों की मौजूदगी से बढ़ा रोमांच

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आयोजन प्रदेश में हॉकी को बढ़ावा देने और नई खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। प्रतियोगिता में ओलंपियन खिलाड़ियों की भागीदारी और उनके नेतृत्व में टीमों के बीच हो रहे मुकाबलों ने लीग को खास बना दिया है।

लीग का शुभारंभ भारत सरकार के युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय की राज्य मंत्री रक्षा खड़से के मुख्य आतिथ्य और उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव की अध्यक्षता में हुआ था।

शुरुआती मुकाबलों में दिखा कड़ा मुकाबला

लीग के शुरुआती मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। पहले दिन ओलंपियन सुरेंद्र सिंह की कप्तानी वाली न्यायधानी नाइट्स ने ओलंपियन ललित उपाध्याय की राजधानी रॉयल्स को 2-1 से हराकर जीत दर्ज की। इस मुकाबले में केतन कुशवाहा को स्ट्राइकर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

महिला हॉकी को बढ़ावा देने के लिए पहले दिन महिला टीमों के बीच प्रदर्शनी मुकाबला भी खेला गया। इसमें इंद्रावती टाइग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महानदी फाल्कन्स को 4-1 से हराया।

29 अक्टूबर तक होंगे लीग मुकाबले

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में 29 अक्टूबर तक लगातार मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद 31 अक्टूबर को सेमीफाइनल मुकाबले होंगे और 1 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर फाइनल मुकाबला आयोजित किया जाएगा।

लीग में शामिल टीमें रोजाना रोमांचक मुकाबलों में आमने-सामने हो रही हैं। खिलाड़ियों के प्रदर्शन और टीमों के बीच कड़ी टक्कर के कारण दर्शकों में भी उत्साह बना हुआ है।

हॉकी को नई पहचान दिलाने की पहल

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की यह पहल छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। प्रतियोगिता के लाइव प्रसारण से प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को देश और दुनिया के सामने अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिल रहा है।

राज्य स्थापना दिवस पर होने वाले फाइनल मुकाबले के साथ छत्तीसगढ़ हॉकी लीग 2026 का समापन होगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *