CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महासमुंद जिले के बसना विकासखंड अंतर्गत ग्राम गढ़फुलझर स्थित रामचंडी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां रणेश्वर रामचंडी से छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति के साथ प्रदेशवासियों के मंगलमय जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री गढ़फुलझर में बाबा बिसाहे कुल कोलता समाज की ओर से आयोजित वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं बंधु मिलन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम में शामिल होने से पहले उन्होंने रामचंडी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद धर्मेंद्र प्रधान, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक संपत अग्रवाल सहित बाबा बिसाहे कुल कोलता समाज के पदाधिकारी, समाजजन और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने मंदिर में पूजा के दौरान प्रदेश की उन्नति और सभी नागरिकों के सुखमय जीवन की प्रार्थना की।


